नीमच। म.प्र. शासन के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा 5 मार्च, रविवार को भोपाल में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का शुभारंभ किया गया। भोपाल में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाईव प्रसारण नगरपालिका, नीमच के कार्यालय में दिखाया गया। इस अवसर पर राठौर पार्क नीमच सिटी में विधायक दिलीपसिंह परिहार, नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी गरिमा पाटीदार, नपा उपाध्यक्ष रंजना करणसिंह परमाल, नपा सभापति, पार्षदगण व नपा अधिकारियों, कर्मचारियों की उपस्थिति में पौधारोपण भी किया गया।
रविवार को प्रातः 11 बजे विधायक दिलीपसिंह परिहार तथा नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा राठौर पार्क, नीमच सिटी पहँुचे और वहां मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नपा उपाध्यक्ष, सभापतिगण, पार्षदगण व अन्य गणमान्यजन की उपस्थिति में पौधेरोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पौधारोपण कार्यक्रम के पश्चात् दोपहर 1 बजे नगरपालिका कार्यालय मे भोपाल में आयोजित लाड़ली बहना योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री चौहान ने लाड़ली बहना योजना को प्रदेश की बहनों आत्मनिर्भर बनाने वाली महत्वपूर्ण योजना बताते हुए योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
नगरपालिका, नीमच द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विधायक दिलीपसिंह परिहार, नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी गरिमा पाटीदार, नपा उपाध्यक्ष रंजना करणसिंह परमाल, नपा सभापति धर्मेश पुरोहित, दारासिंह यादव, पार्षद किरण शर्मा, राकेश किलोरिया सहित अनेक पार्षद तथा नगरपालिका के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।