नीमच। जिले में मार्च महीने की शुरूआत के साथ ही प्रतिदिन मौसम में बदलाव देखे जा रहे हैं। मध्यप्रदेश के कई भागों में रविवार को बारिश हुई। मौसम विभाग ने पश्चिम और मध्य भारत में 8 मार्च तक बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है। यानी होली तक मौसम ऐसा ही रहेगा।
मौसम में होने वाले इन बदलावों के पीछे जम्मू कश्मीर में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ से मिल रही नमी को बताया जा रहा है। इसी के चलते मौसम में एकाएक बदलाव आया है। शुक्रवार, शनिवार व रविवार को नीमच व मंदसौर के कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। कई क्षेत्रों में ओले भी गिरे।
मौसम वैज्ञानिकों की माने तो सोमवार को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। प्रदेश के 20 जिलों में बारिश होने की संभावना है। इनमें भोपाल, रायसेन, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, कटनी, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर दतिया, श्योपुर, मुरैना और भिंड जिले शामिल हैं। वहीं नीमच व मंदसौर में भी जोरदार बारिश होने की संभावना जताई है।