मंदसौर। सरदार वल्लभभाई पटेल बीपीएल चौराहा पर महिला पुलिस कर्मियों द्वारा यातायात व्यवस्था संभाली गई। इसका उद्देश्य महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ाना है।
बता दें हर वर्ष 8 मार्च को विश्व महिला दिवस मनाया जाता है, लेकिन इस वर्ष महिला दिवस के दिन ही होली होने के कारण 6 मार्च को यातायात विभाग द्वारा यह पहल की जा रही है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ ही इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन और प्रदेश के अन्य शहरों में उपलब्ध पुलिसबल की सहायता से उत्तम गणवेश में महिला अधिकारी एवं कर्मचारी यातायात नियंत्रण के कार्य को संचालित कर रही है। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक महोदय के माध्यम से निर्देश जारी किए गए हैं। जिसके पालन में पुलिस अधीक्षक मंदसौर के निर्देशन में उप पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के नेतृत्व में मंदसौर शहर के व्यस्ततम चौराहे बीपीएल पर महिला पुलिसकर्मियों ने यातायात संचालन किया तथा वाहन चालकों को समझाइश दी।
बीपीएल चौराहा पर कार्रवाई के पश्चात हाइवे बायपास पर इंटरसेप्टर वाहन के साथ भी कार्यवाही की गई। हेलमेट धारण न करना, सीट बेल्ट न लगाना, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करना, ओवर स्पीडिंग के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 42 चालान बनाए जाकर 20,000 रुपए का जुर्माना भी महिला बल द्वारा किया गया।