आलोट। पिछले दिनों 2 दिन से हुई लगातार तेज आंधी तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों के मुंह आया निवाला छीन लिया है। वहीं ओलों की स्पीड देख कर किसानों को अपने भविष्य का भान हो गया था लेकिन बारिश हवा और ओलावृष्टि थमते ही किसान अपने खेतों की ओर दौड़े वहां के हालात देखकर वे काफी चिंतित नजर आए। अत्यधिक बारिश और ओलावृष्टि से फसलों में भारी नुकसान देखा गया है। वहीं आलोट विधानसभा के कई क्षेत्रों में किसानों की कटी हुई फसलें खेतों में पड़ी है वही किसानों के खेतों में खड़ी और कटी फसलें पूर्ण रूप से लगभग नष्ट हो चुकी है। उसी को लेकर किसान काफी असहाय महसूस कर रहे हैं। किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें स्पष्ट नजर आ रही है।
बेमौसम बारिश से नष्ट हुई फसलों को दृष्टिगत रखते हुए आलोट विधायक मनोज चावला ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र के माध्यम से अवगत करवाया कि राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम बनाकर आलोट विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में हुए नुकसान का 1 सप्ताह के अंदर तत्काल प्रभाव से सर्वे करवाया जाए एवं प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए।