नीमच। प्रदेश के साथ ही जिले का मौसम भी लगातार बदल रहा है। मार्च महीने की शुरूआत से ही प्रतिदिन मौसम में ये बदलाव दिखाई दे रहा है। मध्यप्रदेश के कई भागों में जोरदार बारिश व ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग ने आज गुरूवार देर शाम तक नीमच-मंदसौर समेत प्रदेश के 11 जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। कुछ जगह ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मध्यप्रदेश में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी का सिस्टम आज यानी गुरुवार को और एक्टिव रहेगा। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा और गर्मी का असर बढ़ेगा। गुरुवार को प्रदेश की राजधनी में भोपाल में बादल छाए रहे। बुधवार को भी भोपाल में हल्की बूंदाबांदी हुई थी। मुरैना, आगर-मालवा, ग्वालियर सहित कई जिलों में ओलों के साथ बारिश हुई थी। मध्यप्रदेश में बदले मौसम की वजह से हवा की स्पीड भी बढ़ी है। 24 घंटे के भीतर हवा की रफ्तार 68 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई है।
आज इन जिलों में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने प्रदेश के भिंड, मुरैना, श्योपुर, नीमच, मंदसौर, टीकमगढ़, निवाड़ी, गुना, शिवपुरी, अशोक नगर और छतरपुर में आज हल्की बारिश की संभावना जताई है। विभाग का कहना है कि यह स्थिति देर शाम के बाद बनेगी। बिजली चमकने और गिरने की संभावना भी है।