नीमच। नगर पालिका नीमच का पहला बजट सम्मेलन गुरुवार को बंगला नंबर 60 परिषद हाल में आयोजित किया गया। इस बजट सम्मेलन में करीब 60 लाख की बचत का बजट परिषद में पेश किया गया था।
नगर पालिका नीमच का बजट सम्मेलन जैसे ही शुरू हुआ तो कांग्रेस पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया। पार्षद योगेश प्रजापति, पार्षद हरगोविंद दीवान, पार्षद सुमित्रा पोरवाल, पार्षद कविता लोक्स, पार्षद लप्पो आपा, पार्षद रानी मसूदी, पार्षद भारत अहीर, अदि कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने नगर पालिका अध्यक्ष की आसंदी के सामने हंगामा किया और जमीन पर बैठ गए।
कांग्रेस पार्षदों का ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड से विकास के नाम पर पक्षपात किया जाता है। जितनी भी योजनाए आती है भाजपा समर्थित पार्षदों के वार्ड में चली जाती है। साथ नगर पालिका में जितने भी निर्माण कार्य किए जा रहे उनमे घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। नपा अध्यक्ष चौपड़ा के कार्य पूर्ण करवाने के आश्वासन के बाद कांग्रेस के पार्षद पुनः कुर्सियों पर बैठे। इसी प्रकार बजट से हटकर अन्य मुद्दों पर भी कांग्रेस भाजपा के पार्षद आमने-सामने हुए। काफी बहस और समझाइश के बाद दोनों दल के पार्षद शांत बैठे।
शहर का बजट पार्षद वंदना खंडेलवाल ने विस्तार से पढ़ा। परिषद के सम्मेलन में दो अरब 65 करोड़ 25 लाख 5 हजार 776 रु का बजट पेश किया गया। जिसमें 60 लाख से अधिक की बचत भी बताई गई। बजट सम्मेलन में नगरपालिका वर्ष 23-24 के बजट में प्रारंभिक शेष दर्शन वाला पत्रक जिसमें आय व्यय की राशि का खुलासा किया गया। इसी प्रकार वर्ष 2023 एवं 2024 अनुमानित आय व्यय पत्रक का वाचन भी किया गया।
उक्त मामले में नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2023 एवं 2024 का सोचा समझा बजट आज पारित किया गया है। शहर विकास को लेकर यह बजट है अच्छी आय होगी तो अच्छा विकास होगा। शहर में पोकर गार्डन, पिकनिक स्पॉट, अच्छे पोल, मास्टर प्लान, नई पुलिया का निर्माण, ब्रिज का निर्माण, नए स्टेडियम, अंडर ग्राउंड लाइन, पार्किंग व्यवस्था, आवासीय योजना, महिला छात्रावास, खेलों के लिए आयोजन, धार्मिक मेलों का आयोजन, नवीन वाहन, ट्रेचिंग ग्राउंड का विकास, सौर ऊर्जा विद्युतीकरण, स्मार्ट सिटी और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट करना चाहते हैं, भूमि की प्रीमियम से शहर विकास किया जाएगा, अवैध कालोनिया भी वेध की जाएगी।
बजट को नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस पार्षद योगेश प्रजापति ने हवाई बजट बताया। योगेश प्रजापति ने कहा कि नगर पालिका द्वारा 2 अरब से अधिक का बजट पारित किया गया। यह एक तरह से हवाई बजट है। कागजों में आंकड़ों का खेल किया गया है। दर्शाए गए हैं आंकड़ों में परिवर्तन किया गया है इस बजट में कई खामियां है।भाजपा के अध्यक्ष और पार्षदों की जेब भरने वाला यह बजट है। इस बजट का अगर कुछ हिस्सा भी धरातल पर रूप लेता है तो हम इस बजट की तारीफ करेंगे।