निम्बाहेड़ा। नगर के पुलिसकर्मियों ने बुधवार को नगर के चित्तौड़ी गेट के पास स्थित कस्बा चौकी में पुलिस उपाधीक्षक आशीष कुमार चौधरी, कोतवाली थाना अधिकारी फुलचंद टेलर, सदर थाना अधिकारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ कस्बा चौकी इंचार्ज सूरज कुमार आदि की उपस्थिति में होली मनाई। इसी क्रम में कोतवाली थाना परिसर में भी पुलिसकर्मियों द्वारा होली मनाई गई।
इस अवसर पर पुलिस के जवानों ने जमकर गुलाल खेला और एक दूसरे को रंग गुलाल लगाया। इस मौके पर पुलिस के जवान डीजे की धुन पर थिरकते हुए नजर आए। कस्बा चौकी परिसर में सभी पुलिसकर्मियों ने एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी।
निम्बाहेड़ा पुलिस उपाधीक्षक आशीष कुमार चौधरी ने बताया कि भाईचारा, आपसी सद्भाव और प्रेम होली के त्योहार का संदेश है। प्रेम और सद्भाव में डूबकर सभी ने बड़े आनंद से होली का जश्न मनाया है। पुलिस की परंपरा है कि होली के अगले दिन पुलिस अपनी होली मनाती है। यह बहुत अच्छी परंपरा है कि होली पर पुलिसकर्मी आमजन की सुरक्षा में तैनात रहते हैं और अगले दिन अपना होली का त्योहार मनाते हैं। इस तरह के आयोजन से बहुत दिनों का तनाव भी निकल जाता है। इस दिन ड्यूटी और अन्य काम की चिंता नहीं रहती। पुलिस उपाधीक्षक आशीष कुमार चौधरी एवं कोतवाली थाना अधिकारी फुलचंद टेलर व सदर थाना अधिकारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ आदि ने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।