नीमच। प्रदेश में बेमौसम हो रही बारिश का दौर अब थमने वाला है। लेकिन मौसम विभाग ने एक और अलर्ट जारी कर दिया है। इस अलर्ट के बाद किसानों की चिंता और बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने तेज आंधी के साथ प्रदेश के कई जिलों में ओले गिरने व बारिश होने की चेतावनी जारी की है।
मध्यप्रदेश में बेमौसम हो रही बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा रखी है। पिछले पांच दिन में प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी चली। इसकी वजह से 20 से ज्यादा जिलों में गेहूं-चने और सरसों सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा। वर्तमान में 80 प्रतिशत से ज्यादा फसलें खेतों में खड़ी हैं या फिर काटकर खलिहान में रखी है। इन पर फिर से संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में एक बार फिर 15 मार्च से मौसम बदलेगा। कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश होगी। इसका असर तीन से चार दिन बना रहेगा। यह स्थिति अरब सागर से आने वाली हवाओं के चलते पूरे प्रदेश में बनेगी। बारिश के साथ ओले भी गिरेंगे।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 15 मार्च से पश्चिमी मध्यप्रदेश में बारिश का सिस्टम एक्टिव होगा। अरब सागर से आने वाली हवाओं के चलते दक्षिण मध्यप्रदेश के इलाकों में बारिश होगी। इससे बैतूल, खरगोन, देवास, बुरहानपुर, बड़वानी, रतलाम, मंदसौर, नीमच सहित एमपी से सटे राजस्थान के कई जिलों में बारिश की संभावना है। इसके बाद सिस्टम आगे बढ़ेगा और भोपाल, सीहोर, राजगढ़ आदि जिलों में बारिश शुरू होगी। प्रदेश के कई हिस्सों में इसका सीधे तौर पर असर दिखेगा। यह सिस्टम 18 मार्च तक एक्टिव रहेगा।