नीमच। कांग्रेस के लोकप्रिय नेता और केंद्र सरकार में विभिन्न विभागों के काबीना मंत्री रहे स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की 78 वीं जन्म जयंती के अवसर पर माधवराव सिंधिया फैंस क्लब, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं समर्थकों द्वारा कृषि उपज मंडी नीमच में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।
गौरतलब है कि स्वर्गीय माधवराव सिंधिया देश के लोकप्रिय एवं सभी वर्गों में समान रूप से सर्वमान्य नेता के रूप में जाने जाते थे। मालवा अंचल में उनका विशेष प्रभाव था। उन्होंने अनेक मंत्रालयों की जिम्मेदारियां संभाली। स्वर्गीय माधवराव सिंधिया कांग्रेस के वरिष्ठ और लोकप्रिय नेताओं में गिने जाते थे। उनके रेल मंत्री रहने के दौरान रतलाम, मंदसौर, नीमच क्षेत्र को अनेक सौगातें मिली। आज स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की जन्म जयंती के अवसर पर समर्थकों ने उनके राजनैतिक और सार्वजनिक क्षेत्रों में किए गए योगदान को याद कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष पवन पाटीदार, सुनील कटारिया, समीप चौधरी, रमेश पारीक, सामन्त सिंह चौहान, डॉ. सुरेंद्र, विनीत पाटनी, सत्यनारायण गोयल, महेंद्र सिंह चंद्रावत सहित अन्य बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।