नीमच। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अर्न्तगत गैर अनुदान मान्यता प्राप्त अशासकीय स्कूलों में कमजोर वर्ग एवं वंचित समूह के बच्चों के ऑनलाइन निःशुल्क प्रवेश के लिए समय सारणी जारी की गई है। संचालक राज्य शिक्षा केंद्र धनराजू एस ने बताया कि 13 से 23 मार्च 2023 तक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन और त्रुटि सुधार के लिए विकल्प उपलब्ध रहेगा। ऑनलाइन आवेदन करने के पश्चात आवेदक 15 से 25 मार्च 2023 तक पावती डाउनलोड कर, मूल दस्तावेजों का केंद्रों में सत्यापन करा सकेंगे।
28 मार्च 2023 को पारदर्शी रैंडम पद्धति से ऑनलाइन लॉटरी खोली जायेगी। ऑनलाइन लॉटरी से आवेदकों को स्कूल का आवंटन किया जायेगा। चयनित आवेदकों को एस.एम.एस. से सूचित किया जाएगा। लॉटरी में चयनित आवेदक 31 मार्च से 10 अप्रैल 2023 के बीच आवंटन पत्र डाउनलोड करके आवंटित स्कूल में प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे।
प्रवेश लेते समय ही संबंधित प्राइवेट स्कूल द्वारा मोबाइल ऐप के माध्यम से एडमिशन रिपोर्ट भी दर्ज की जाएगी। इसके बाद द्वितीय चरण में प्रवेश के लिए प्रक्रिया शुरू की जायेगी और रिक्त सीटों को 13 अप्रैल 2023 को पोर्टल पर प्रदर्शित किया जायेगा। द्वितीय चरण में 13 से 18 अप्रैल 2023 तक स्कूलों की चॉइस अपडेट की जा सकेगी। 20 अप्रैल को द्वितीय चरण की ऑनलाइन लॉटरी द्वारा स्कूलों का आवंटन किया जायेगा। द्वितीय चरण में लॉटरी में चयनित आवेदक 20 से 25 अप्रैल 2023 के बीच आवंटन पत्र डाउनलोड करके आवंटित स्कूल में प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। यह जानकारी जिला परियोजना समन्वयक नीमच द्वारा दी गई।