देवास। रंगपंचमी पर सिविल लाइंस क्षेत्र में प्रभारी तहसीलदार पूनम तोमर के सूने मकान में धावा बोलकर एक चोर ने करीब 1 लाख रुपए पर हाथ साफ कर दिया था। चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। उसके हुलिए के आधार पर पुलिस ने पुराने शातिर चोरों की डिटेल खंगाली तो एक पर शंका हुई। उसके आधार पर उसकी तलाश शुरू करते हुए उसे शुजालपुर से दबोचा गया। पूछताछ में उसने वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी के पास से 90 हजार रुपए नकद सहित एक टॉमी, एक पेचकस आदि जब्त किए गए हैं।
मंगलवार दोपहर मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने बताया कि आरोपी का नाम मनोहर पिता मांगीलाल सेन है। यह मूल रूप से उज्जैन का निवासी है, लेकिन आसपास के कई जिलों में रह चुका है। इस आरोपी ने करीब चार साल पहले देवास के सिविल लाइंस क्षेत्र में ही एक महिला अधिकारी के घर को निशाना बनाते हुए नकदी व जेवर पर हाथ साफ किया था। कुछ दिनों बाद इसे गिरफ्तार भी किया गया था। आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस द्वारा 4 टीमें लगाई गई थीं। आरोपी उज्जैन के अलावा शाजापुर, शुजालपुर आदि जगहों पर भी रह चुका है।