आगर मालवा। कलेक्टर कैलाश वानखेड़े के निर्देशानुसार सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र पर नशा मुक्त भारत अभियान अन्तर्गत नशा मुक्ति हस्ताक्षर अभियान व नशा मुक्ति शपथ एवं सेल्फी विथ जीवा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्ना बाई चौहान, सिविल सर्जन डॉ. आरएल मालवीय, उप संचालक सामाजिक न्याय भारती अवास्या द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर एवं नशा मुक्ति हेतु हस्ताक्षर कर सेल्फी लेकर किया गया। इस अवसर पर चिन्हित 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले श्रवण बाधित दिव्यांगजनों हेतु अली यावर जंग वाक् एवं श्रवण संस्थान मुंबई के सहयोग से परीक्षण एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के मुंबई से पधारे दल के अरविन्द सुरवडे, गोपाल शर्मा एवं संजय खंडागडे द्वारा श्रवण दिव्यांगजनों का परीक्षण किया गया एवं तत्काल पात्र होने पर उपकरण प्रदाय किए गए। साथ ही इस अवसर पर बड़ौद के दिव्यांग अरुण लवंशी एवं श्रवण दिव्यांग नुसरत खान सहित अनेक दिव्यांग जनों को अतिथिगण द्वारा कान की मशीन प्रदाय की गई। आयोजन के दौरान प्रमुख रूप से सामाजिक न्याय विभाग शाखा प्रभारी निलेश झांसिया ,जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के किशोर पंचोली,समग्र अधिकारी राजू अरवार एवं सुषमा भिडोरिया उपस्थित रहे। आयोजन में जनपद पंचायत आगर और बडौद तथा नगर परिषद कानड़,आगर ,बडौद के श्रवण दिव्यांग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन स्वास्थ्य विभाग के आरसी इरवार एवं् आभार प्रदर्शन सामाजिक न्याय विभाग के निलेश झांसिया ने किया। इसी तरह 15 मार्च को जनपद पंचायत सुसनेर और नलखेड़ा तथा नगर परिषद सुसनेर ,सोयत,नलखेड़ा और बड़ागांव के चिन्हित श्रवण बाधितों के परीक्षण एवं उन्हें कान की मशीन प्रदाय की जाएगी।