चित्तौड़गढ़। जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट के निकट स्थित नगर परिषद के वार्ड 10 में प्रमुख आवासीय कॉलोनीयां और प्रमुख मार्केट स्थित है। लेकिन वार्ड में कई स्थानों पर रोड लाइट बंद होने और सड़कें क्षतिग्रस्त होने के साथ ही सफाई अनियमितता की समस्या है। किंतु विकास की दुहाई देने वाली नगर परिषद का ध्यान शायद इस और नहीं है।
नगर परिषद के वार्ड 10 में मीरा नगर, मीरा मार्केट, पन्नाधाय कॉलोनी, महेश नगर, राजीव कॉलोनी, अंबे मार्केट के अलावा कलेक्ट्रेट के ठीक सामने का प्रमुख व्यवसायिक और आबादी क्षेत्र स्थित है। इस क्षेत्र में कई स्थानों पर रोड लाइटें काफी समय से बंद रहने और सड़कें क्षतिग्रस्त होने के साथ ही सफाई अनियमितता की शिकायत कई बार वार्ड के जागरूक नागरिको द्वारा की जा रही है। किंतु नगर परिषद द्वारा मूलभूत सुविधाओं के लिए भी इस ओर ध्यान नहीं देना चिंतनीय है। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व शहर के भाजपा पार्षदों द्वारा नगर परिषद बोर्ड पर उनके वार्ड क्षेत्रों में राजनीतिक भेदभाव के कारण काम नहीं करवाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन भी किया था। ऐसे में सवाल स्वाभाविक है कि यदि चित्तौड़गढ़ नगर परिषद बोर्ड सचमुच राजनीतिक भावना से ऊपर उठकर समूचे शहर के विकास के प्रति प्रतिबद्ध है तो क्यों इस वार्ड की अनदेखी की जा रही है। बताया जाता है कि शुक्रवार को दशा माताजी पूजन का पर्व है और दशा माता पूजा स्थल के आसपास रोड लाइट बंद हैं तथा पूजा स्थलों पर भी समुचित सफाई का भी अभाव है। बहरहाल नगर परिषद से उम्मीद है कि वार्ड की मूलभूत आवश्यकताओं सहित जनसमस्याओं के प्रति गंभीरता पूर्वक कदम उठाएं।