नीमच। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। कोई भी पात्र महिला इस योजना के लाभ से किसी भी कारण से वंचित ना रह पाये। यह बात प्रदेश के सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने शनिवार को ग्राम पंचायत भवन मोरवन एवं डाक बंगला रतनगढ पर पर क्षेत्र के सरपंचों, पंचायत सचिवों, सहायक सचिवों की बैठक में ग्रामीण विकास विभाग व्दारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक को सम्बोधित करते हुए कही।
बैठक में जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण, जिला पंचायत सदस्य मंजूबाई भील, अर्जुन माली व अन्य जनप्रतिनिधि, एसडीएम शिवानी गर्ग, जनपद सीईओ आकाश धार्वे व अन्य अधिकारीक्षेत्र के सरपंचगण, पंचायत सचिव, सहायक सचिव उपस्थित थे।
बैठक में एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं के समग्र ईकेवायसी, आधार लिंक, बैंक खाते, डीबीटी इनबल्ड करने के कार्य की पंचायतवार सचिवों से प्रगति पूछी और शेष महिलाओं के ईकेवायसी का कार्य आगामी पांच दिवस में अनिवार्य रूप से पूरा करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने पंचायत सचिवों से कहा कि गांवों में सुबह, शाम विशेष शिविर लगाकर महिलाओं के समग्र ईकेवायसी करवाये, जिनके बैंक खाते नहीं है, उनके खाते खुलवाये और डीबीटी के लिए सहमति पत्र बैंकों में प्रस्तुत करवाएं। मंत्री सखलेचा ने कहा कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाओं को भी अब एक हजार रूपये तक का भुगतान किया जावेगा। ऐसी महिलाओं के खाते भी डीबीटी के लिए इनबल्ड करवाये। समग्र केवायसी करवाये।
मंत्री सखलेचा ने कहा कि शासन व्दारा सुदुर सडक निर्माण कार्य एवं खेत सडक निर्माण कार्य करवाने का भी निर्णय लिया गया है। सभी पंचायत सचिव खेत सडक व सुदुर सडक के कार्य प्रस्तावित करें। उन्होने कहा, कि निजी विद्युत ट्रांसफार्मर लगाने पर भी किसानों को अनुदान प्रदान किया जावेगा।
मंत्री सखलेचा ने कहा, कि नेट कनेक्टिविटी वीहिन पंचायत व गांवों को बेहतर कनेक्टीविटी मिल सके इसके लिए नये टावर स्वीकृत किए गए है। यदि किसी गांव में इंटरनेट की कनेक्टीविटी नहीं है, तो नये मोबाईल टावर लगाने के प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत कर दे। बैठक में मंत्री सखलेचा ने आगामी ग्रीष्मकाल में पेयजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की पंचायतवार योजना बनाने के निर्देश दिए। मंत्री सखलेचा ने ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्याे की प्रगति की भी पंचायतवार समीक्षा की और सरपंच, सचिव को निर्माण कार्य तेजी से पूरे करवाने के निर्देश दिए।