नीमच। प्रदेश व्यापी रोजगार दिवस कार्यक्रम का आयेाजन 24 मार्च 2023 को किया जावेगा। इसके अंतर्गत राज्य स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में नीमच जिला मुख्यालय पर आयोजित किया जा रहा है। शेष जिला मुख्यालयों में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जावेगा। राज्य स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम का 24 मार्च 2023 को नीमच से सीधा प्रसारण न्यूज चैनलों एवं सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से किया जायेगा।
इस प्रसारण को जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी दिखाने की व्यवस्था की जायेगी। रोजगार दिवस कर्यक्रम में विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 में जिले में लाभांवित हुए। हितग्राहियों को आमंत्रित कर, स्वीकृति वितरण पत्र जनप्रतिनिधियों के माध्यम से दिलवाये जाएंगे तथा राज्य स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 4 जिलों मुरैना, बैतूल, गुना, सतना के एक-एक हितग्राहियों से वर्चुअल संवाद भी किया जायेगा। जिले के एनआईसी के माध्यम से हितग्राहियों को संवाद कराया जायेगा।