मंदसौर। आंगनवाड़ी और आशा-उषा कार्यकर्ता ने आज मन्दसौर शहर में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शहर के मुख्य मार्गो से नारे लगाते हुए रैली निकाली और जिला अस्पताल पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता माधुरी सोलंकी ने बताया कि विगत कई वर्षों से हम अपनी सेवाएं देती आ रही हैं लेकिन सरकार अपनी आंखे मूंदकर बैठी हुई है। सरकार को आशा, उषा का दर्द पीड़ा नजर नहीं आती, सिर्फ और सिर्फ आशा, उषा से काम लेना आता है। सरकार ने कोरोना काल में भी हम बहनों से घर-घर जाकर सर्वे करवाया और घर पर दवाइयां उपलब्ध कराई। इस महामारी में जिस समय हर व्यक्ति अपने घर में और एक दूसरे के पास जाने से डर रहा था तब आशा घर-घर जाकर लोगों का इलाज कर रही थी। लेकिन सरकार हम आशा-उषा की तरफ ध्यान नहीं दे रही है। हम विगत 15 मार्च से हड़ताल पर बैठे हुए हैं, लेकिन अभी तक किसी भी अधिकारी ने हमारी ओर मुड़कर नहीं देखा है, बल्कि ओर काम बताया जा रहा है। हमारी मांगे हैं कि सभी बहनों को नियमित किया जाए और वेतन बढ़ाया जाए। इस संदर्भ में हमने सीएचएमओ को ज्ञापन सौंपा है।