नीमच सीएम हेल्पलाईन में दर्ज 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों से संबंधित शिकायतकर्ता से सभी जिला अधिकारी स्वयं चर्चा कर, शिकायतों का संतुष्टी के साथ निराकरण कर दर्ज करवायें। प्रतिवेदन में आवेदक से चर्चा करने वालों अधिकारी का नाम एंव तिथि व समय भी दर्ज करवायें। सीएम हेल्पलाईन पोर्टल पर शिकायतों के, पूर्व में दर्ज किये गये प्रतिवेदन का समय-समय पर अपडेशन भी दर्ज करते रहे। यह निर्देश कलेक्टर मयंक अग्रवाल ने बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में जिला अधिकारियों की बैठक में विभाग- वार सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए दिए। बैठक में एडीएम सुश्री नेहा मीना, जिला पंचायत सीईओ गुरूप्रसाद, सभी एसडीएम, जनपद सीईओ, सीएमओ, जिला अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर श्री पी.एल. देवडा, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रिती संघवी, सुश्री किरण आंजना एवं सुश्री आकांक्षा करोठिया भी उपस्थित थी।
बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य, श्रम, नगरीय निकायों, राजस्व, विभाग के अधिकारियों को सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों के प्रतिवेदन को अच्छी तरह पढ़कर शिकायतों का संतुष्टी के साथ निराकरण करवाने के निर्देश दिए, तथा संबंधित शिकायतकर्ता से चर्चा कर, शिकायते बंद करवाने के निर्देश दिए। उन्होने मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत पंजीयन के लिए वार्डो एंव गॉवों में आयोजित किए जा रहे शिविरों में महिलाओं के लिए छॉंया व पेयजल की व्यवस्था करने, पात्र महिलाओं के पंजीयन की सुविधा के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से टोकन वितरित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना में महिलाओं के पंजीयन कार्य को तेजी से बढाने के निर्देश दिए। उन्होने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी कार्य की समीक्षा करते हुए, खरीदी केन्द्रों पर भी किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।