शिवपुरी। नगर पालिका में लेखापाल रविकांत झा के साथ हुई मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में नगर पालिका कर्मचारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोपी कर्मचारी हाफिज अब्दुल्ला पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि यह घटना 5 जून की रात करीब 12 बजे की है। आरोप है कि रविकांत झा को नगर पालिका कार्यालय बुलाकर लेखा संबंधी जानकारी ली गई, जहां अध्यक्ष और अध्यक्ष पति भी मौजूद थे। इसके बाद कर्मचारी हाफिज अब्दुल्ला द्वारा उनके साथ गला पकड़कर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया।
कर्मचारियों के अनुसार, मौके पर मौजूद कुछ मीडियाकर्मियों ने बीच-बचाव कर लेखापाल को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया। घटना के बाद से नगर पालिका कार्यालय में दहशत का माहौल बना हुआ है।
कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं, जिससे वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और कार्यालय का कामकाज प्रभावित हो रहा है। अजाक्स जिला अध्यक्ष कमलकिशोर कोड़े के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित को न्याय नहीं मिला और कार्रवाई नहीं की गई तो वे हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।