मंदसौर। जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं, बाल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों और समग्र आईडी से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अपर कलेक्टर एकता जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए। यह बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट एवं सुशासन भवन में आयोजित हुई।
साप्ताहिक अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक में समग्र आईडी कार्यों पर विशेष जोर दिया गया। अपर कलेक्टर ने कहा कि नवीन समग्र आईडी निर्माण और ई-केवाईसी कार्यों के लिए विशेष शिविर लगाए जाएं तथा उनकी प्रतिदिन समीक्षा की जाए ताकि लक्ष्य समय पर पूरे हो सकें।
जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में चल रहे मरम्मत कार्यों को समय-सीमा में पूरा कर प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही छात्रावासों, आंगनबाड़ी भवनों और अन्य शासकीय भवनों के मरम्मत कार्य वर्षाकाल से पहले पूर्ण करने को कहा गया।
जिले में 12 से 18 जून तक जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
अपर कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि भूमि आवंटन के बिना कोई भी विभाग निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं करेगा। नगरीय निकायों को पेयजल आपूर्ति, जल गुणवत्ता परीक्षण और पानी चोरी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबल योजना और अनुग्रह सहायता राशि के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया गया।
मिशन वात्सल्य के तहत जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा मिशन शक्ति की त्रैमासिक समीक्षा भी की गई, जिसमें स्पॉन्सरशिप योजना, मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना, आफ्टर केयर योजना और पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन की प्रगति पर चर्चा हुई। महिला हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर के प्रभावी संचालन को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।