खरगोन। जिले की बिस्टान माइक्रो सिंचाई परियोजना से जुड़े किसान पानी नहीं मिलने से परेशान हैं। सोलना पंप से जुड़े लगभग सात गांव में पानी की आपूर्ति बाधित होने के कारण किसानों में चिंता है। अपनी समस्याओं को लेकर किसान नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) कार्यालय पहुंचे। किसानों ने बताया कि पर्याप्त पानी नहीं मिलने से उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं। खेतों में पानी की कमी के कारण बुवाई और सिंचाई का कार्य ठीक से नहीं हो पा रहा है, जिससे उपज पर बुरा असर पड़ने का अंदेशा है। उन्होंने अधिकारियों को अपनी स्थिति से अवगत कराते हुए तत्काल पानी उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों का कहना था कि परियोजना का उद्देश्य ही खेतों तक पानी पहुंचाना है, लेकिन जब उन्हें ही पानी नहीं मिल पा रहा तो ऐसी योजना का लाभ क्या। उन्होंने कहा कि समय पर पानी नहीं मिला तो उनकी मेहनत और लागत दोनों व्यर्थ हो जाएंगी। एनवीडीए कार्यालय में किसानों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मुलाकात की। अधिकारी ने किसानों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही शिफ्टवार पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।