उज्जैन। रामघाट पर चोरों का उत्पात जारी है। मंगलवार को बदमाशों ने आधा दर्जन वारदातों को अंजाम दिया। हालांकि प्रधान आरक्षक की सक्रियता के चलते चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। दो आरोपित उत्तरप्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले हैं, वहीं दो उज्जैन के ही निवासी हैं। पुलिस चारों से पूछताछ में जुटी है। महाकाल पुलिस ने बताया कि नागपुर के रहने वाले श्याम सुंदर पांडेय, श्रीचंद्र पांडेय और अनुष त्रिपाठी सहित 13 लोगों के साथ उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए आए थे।
मंगलवार सुबह रामघाट पर आरती द्वार के पास सामान रखकर नदी में स्नान कर रहे थे। इस दौरान हेड कांस्टेबल मोहन परमार घाट पर ड्यूटी कर रहा था। परमार ने दो संदिग्धों को सामान चुराते हुए देखकर पकड़ लिया।
चोरों ने पांडेय परिवार के 28 हजार रुपये मोबाइल व अन्य सामान चोरी कर लिया था। इसे पुलिस ने उन्हें लौटा दिया। हालांकि आशुतोष त्रिपाठी के छह हजार रुपये व सामान नहीं मिला है। गिरफ्तार आरोपित उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ में जुटी है।
महिला और युवक चोरी करते पकड़ाए-
रामघाट पर कपड़े की दुकान लगाने वाले शंकरसिंह चौहान के पास एक महिला व युवक खरीददारी के बहाने आया और पूछताछ के दौरान महिला ने कुर्ते का बंडल चोरी कर लिया। शंकरसिंह ने उसे चोरी करते हुए देख लिया और पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।