शुजालपुर। बेहरावल विद्युत सब स्टेशन पर कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी मनीष मीणा की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह सब स्टेशन पर ऊपर चढ़कर मरम्मत कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति चालू हो जाने से वह करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और विभागीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने करीब तीन घंटे तक बिजली कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही विधायक घनश्याम चंद्रवंशी, विद्युत विभाग के अधिकारी, पुलिस बल और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से चर्चा कर उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
शुजालपुर विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री बीएल गुजराती ने बताया कि मृतक मनीष मीणा आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में सब स्टेशन पर कार्यरत था और ड्यूटी के दौरान यह हादसा हुआ। विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा पेंशन सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
घटना के बाद कार्यपालन यंत्री बीएल गुजराती ने मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लटकी हुई केबलें और जर्जर बिजली तार दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं, इसलिए इन्हें तत्काल बदला जाए। साथ ही स्टाफ व्यवस्था में सुधार, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन और मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।