नीमच। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नीमच जिला तैराकी संघ द्वारा ज्ञानोदय स्विमिंग पूल में अनूठे वॉटर योग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तैराक खिलाड़ियों, बच्चों, अभिभावकों एवं संघ के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल में योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
ज्ञानोदय स्विमिंग एकेडमी के कोच रवि कुमार सोनी के नेतृत्व में आयोजित वॉटर योग सत्र में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। जल में किए गए योग के माध्यम से शारीरिक संतुलन, मानसिक एकाग्रता और फिटनेस के महत्व को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी, उपाध्यक्ष प्रकाश मंडवारिया, मास्टर नेशनल तैराक मोहन गेहलोत, राकेश बंसल, जिला सचिव तरुण ओझा, राजेश वर्मा (पप्पी) सहित संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में तैराक, बच्चे और अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग एवं तैराकी को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, निरोग एवं अनुशासित जीवन जीने का संकल्प लिया।