नीमच। भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित सात दिवसीय योग शिविर का समापन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ एवं योगगुरु डॉ. अशोक जैन, कैट जिला संयोजक एवं रोटरी के पूर्व मंडलाध्यक्ष दर्शन सिंह गांधी तथा जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय किलेवाला उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत परिषद के पदाधिकारियों ने किया।
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि योग भारत की विश्व को अमूल्य देन है और प्रत्येक व्यक्ति को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ जीवन जीना चाहिए। डॉ. अशोक जैन ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निरोगी काया जीवन का सबसे बड़ा सुख है। वहीं दर्शन सिंह गांधी एवं संजय किलेवाला ने परिषद के स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों की सराहना की।
शिविर में सात दिनों तक योग प्रशिक्षण देने वाली योग गुरु रिमझिम मंगल का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। समापन अवसर पर परिषद अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता ने हास्य योग कराया, जिससे उपस्थित साधकों ने आनंदपूर्वक सहभागिता की।
शिविर में नगर के 75 से अधिक महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने भाग लिया। अंत में शिविर संयोजक राजेश जायसवाल ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
यह जानकारी मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी ने दी।