उमरिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह ग्राम चिल्हारी स्थित आयुर्वेदिक औषधालय में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जन अभियान परिषद एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति चिल्हारी के विशेष नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
आयुष विभाग में पदस्थ किरण कोरी एवं अंकित कचेर ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। योग प्रशिक्षकों ने नियमित योग को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताते हुए सभी से इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सचिव सुभदेश श्रीवास्तव, हल्का पटवारी प्रभात सिंह, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष राजर्षि मिश्रा, डॉ. अमृतलाल जायसवाल, एकल अभियान संच प्रमुख श्रीमती कल्पना सेन, जनपद सदस्य विजय द्विवेदी, शिक्षक अरविंद नामदेव, महेंद्र सिंह, जय सेवा समिति अध्यक्ष देव प्रकाश गौतम, अन्नपूर्णा सोनी, गोकुल बारी, देवेंद्र सोनी, रामप्रयाग चौधरी, प्रभुदयाल, सोना रजक, प्रशांत सोनी, गुड्डा तोमर, रामसुचित सोनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष राजर्षि मिश्रा ने योग को स्वस्थ एवं निरोग जीवन का आधार बताते हुए सभी को नियमित योग करने का संकल्प दिलाया। ग्राम पंचायत सचिव सुभदेश श्रीवास्तव ने योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया, जबकि हल्का पटवारी प्रभात सिंह ने योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। जय सेवा समिति अध्यक्ष देव प्रकाश गौतम ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता बताई।
आयुष विभाग की किरण कोरी ने योग और आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अमृतलाल जायसवाल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।