नीमच। देशभर में चर्चित रहे नीट-यूजी पेपर लीक प्रकरण के बाद रविवार को आयोजित पुनर्परीक्षा नीमच में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हो रही है। जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर कुल 926 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा की पारदर्शिता और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए तीन स्तरीय जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन, मेटल डिटेक्टर से स्क्रीनिंग तथा सीसीटीवी निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है।
नीमच के श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय एवं स्वामी विवेकानंद पीजी कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। अभ्यर्थियों को प्रवेश से पूर्व प्रवेश पत्र, पहचान पत्र एवं अन्य दस्तावेजों की सघन जांच से गुजरना पड़ा। परीक्षार्थियों को केवल चप्पल पहनकर प्रवेश दिया गया, जबकि पेन, आभूषण एवं अन्य निजी सामान पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। केवल पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति दी गई।
प्रश्नपत्रों को केनरा बैंक में सुरक्षित रखा गया था, जिन्हें निर्धारित समय पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया। दोनों केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए शनिवार रात शहर के विभिन्न होटलों की भी जांच की गई।
स्वामी विवेकानंद पीजी कॉलेज में 470 तथा श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय में 456 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। प्रत्येक कक्ष में 24 परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था की गई है।