नीमच। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम, नीमच में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया, थाना प्रभारी बघाना आर.एस. डांगी, सूबेदार सुरेश सिसोदिया, प्रभारी रेडियो सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने अपने संदेश में कहा कि पुलिस कर्मियों का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण होता है। ऐसे में नियमित योग और प्राणायाम न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, एकाग्रता एवं सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करते हैं।
उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया।