देवास। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। बड़ी संख्या में युवक-युवतियां और अन्य फरियादी थाने पहुंचे और एक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ितों के अनुसार गंगा पार्क क्षेत्र निवासी लोकेंद्र ने स्वास्थ्य विभाग, बीएनपी सहित अन्य कई विभागों में नौकरी दिलाने तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपये वसूले। लंबे समय तक न नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए, जिसके बाद पीड़ितों ने एकजुट होकर शिकायत की।
कुछ फरियादियों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने क्रेडिट कार्ड बनवाने और अन्य वित्तीय सुविधाएं दिलाने के नाम पर भी रकम ली। इस तरह अलग-अलग तरीकों से कई लोगों के साथ धोखाधड़ी की गई।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी श्याम चंद्र शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर लोकेंद्र के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य पीड़ित सामने आने पर उनके बयान भी दर्ज किए जाएंगे। आरोपी के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।