देवास। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देवास जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम गणेश मंदिर चौपाटी स्थल पर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठन, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना के साथ हुई। इस दौरान नगर निगम सभापति रवि जैन, राजेश यादव, भैरूलाल अटारिया, कलेक्टर ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, संजीव जैन सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जिले के सभी विकासखंडों में भी जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।
सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जो मन, शरीर और आत्मा को संतुलन एवं शुद्धता प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने की समग्र पद्धति है।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने नागरिकों से अपील की कि वे योग और प्राणायाम को अपने दैनिक जीवन में शामिल करें, जिससे स्वस्थ, निरोग और ऊर्जावान जीवन जिया जा सके।