नीमच। प्रदेश में दो सप्ताह की लंबी खेंच के बाद बारिश का ब्रेक खत्म हो गया है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। नीमच जिले में भी इस बार मानसून की बैरूखी से फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। बारिश के अभाव में खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई है। नया सिस्टम एक्टिव होने के बाद भी अभी तक नीमच व आसपास के क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई है। नीमच जिले में चालू वर्षा काल में अब तक महज 20.9 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 41 इंच से अधिक वर्षा हो चुकी थी।
आईएमडी भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी से साइक्लोनिक सर्कुेलेशन और लो प्रेशर एरिया एक्टिव है। इसी वजह मध्यप्रदेश में बारिश का दौर फिर शुरू हो गया है। भोपाल में आज सुबह से रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है, रात में तेज पानी गिरा। जबलपुर, रतलाम, नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा में भी बारिश हो रही है। 10 से 12 सितंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी से एक और सिस्टम एक्टिव होगा। इससे पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। प्रदेश में 18 से 20 सितंबर तक बारिश की एक्टिविटी रहेगी।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी झमाझम-
प्रदेश में आगामी 24 घंटे में भोपाल, इंदौर, सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, निवाड़ी, टीकमगढ़, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, विदिशा, राजगढ़, खरगोन, बड़वानी, धार, देवास, शाजापुर और आगर-मालवा हल्की बारिश होगी। वहीं जबलपुर, सतना, रीवा, शहडोल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, रायसेन, सीहोर, बैतूल और खंडवा में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा नर्मदापुरम, बालाघाट, हरदा और बुरहानपुर में अति भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं मालवा के रतलाम, मंदसौर व नीमच में भी हल्की बारिश का अनुमान है।