भोपाल। मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सियासी बयार चल रही है। राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। प्रदेश के लोग बढ़-चढ़कर इसका समर्थन कर रहे हैं। हैरानी की बात तो यह है कि मुस्लिम समुदाय की महिलाएं भी इसके पक्ष में हैं और इसे लागू करने की मांग की है।
93 प्रतिशत लोगों ने कियाUCC का समर्थन
मध्यप्रदेश में UCC को लेकर 9.5 लाख से ज्यादा लोगों ने सुझाव दिये गए। 9.5 लाख में से 8.9 लाख यानी करीब 93 प्रतिशत लोगों ने UCC का समर्थन किया। महिलाओं का भी बड़ा समर्थन मिला है। 4 लाख में से 3.8 लाख यानी 95 प्रतिशत महिलाओं ने UCC के पक्ष में राय दी है। 5.5 लाख में से 5.1 लाख यानी 92 प्रतिशत पुरुष UCC के समर्थन में हैं। हिंदू समुदाय के पुरुषों में 95 प्रतिशत और महिलाओं में 97 प्रतिशत समर्थन में हैं। इसी तरह मुस्लिम समुदाय में 29 हजार पुरुषों में 11 हजार यानी 38 प्रतिशत और 15 हजार महिलाओं में 71 प्रतिशत ने UCC का समर्थन किया है।
30 जून तक सभी सुझावों का समावेश किया जायेगा
प्रदेश में लगभग 2 हजार संस्थागत सुझाव भी मिले हैं। सभी सुझावों का परीक्षण और विश्लेषण किया जा रहा है। 30 जून तक सभी सुझावों का समावेश किया जायेगा। यूसीसी पर आम जनता की राय के लिये 3.5 करोड़ से ज्यादा SMS आम जनता को किया गया। सरकार इसी विधानसभा सत्र में UCC बिल लाने की कोशिश करेगी। 5 जुलाई तक UCC को लेकर उच्च स्तरीय समिति सरकार को फाइनल ड्राफ्ट सौंपेगी। जुलाई में होने वाले विधानसभा सत्र में UCC को लेकर सरकार बिल विधानसभा में पेश करने की तैयारी कर रही है।
BJP विधायक बोले – अल्लाह के प्रति अपना फर्ज निभा पाएंगी मुस्लिम महिलाएं
यूसीसी के लिए आए सुझावों का भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में यूसीसी बेटियों के सम्मान और सुरक्षा का कानून है। बच्चो की सुरक्षा का कानून है, बाबा साहब की यही मंशा रही है। नेहरू और अन्य नेता नहीं चाहते थे ऐसा हो। हिंदुस्तान की बेटियों की सुरक्षा के लिए, हक अधिकार के लिए यह कानून है। बेटियों की इज्जत से खेलने वालों के खिलाफ यह कानून है। मुस्लिम बेटियां इस कानून के बाद आनंद की जिंदगी जिएंगी। अल्लाह के प्रति अपना फर्ज निभा पाएंगी।
भाजपा विधायक ने आगे कहा कि 71 प्रतिशत जो राय महिलाओं ने दी है यह क्रांतिकारी साबित होंगी। जो इस कानून को नहीं मानेगा वह जेल जाएगा। 10 साल की जेल का कानून बना रहे हैं। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के आदिवासियों पर दिए बयान पर कहा, वो कुछ भी कहें, देश का हिन्दू गर्व से अपने आप को हिंदू कहता है। आदिवासी मां सबरी को पूजते हैं, सबरी मां का चरित्र पढ़िए। जहां सबरी मैया का संस्कार वहां हिंदू हैं। वो सोनिया मैया को प्रसन्न करना चाहते हैं। वो ईसाई हैं, ईसाई धर्म परिवर्तन कराते हैं।
सज्जन वर्मा ने UCC के आंकड़ों को बताया झूठा
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने UCC पर मुसलमानों के समर्थन पर सियासी पलटवार करते हुए इन आंकड़ों को झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पाखंडी लोग मुसलमान को सिर्फ इस्तेमाल करते हैं। मुसलमानों का आड़ लेकर सरकार UCC लागू करना चाहती है। राजनीतिक दलों ने UCC का विरोध किया है। सारे दलों से बैठकर UCC पर एक फैसला होना चाहिए था लेकिन आज तक नहीं हुआ। अपनी कमेटी, अपना महिमामंडन … आप कह रहे हैं कि 70 फीसदी महिलाओं ने समर्थन किया। बीजेपी झूठ बोल बोल कर तो यहां तक पहुंची है।
हाजी ने समर्थन के दावे पर उठाए सवाल
हाजी मोहम्मद हारून ने यूसीसी पर सरकार के 90% समर्थन के दावे पर सवाल उठाए हैं। आदिवासियों को छूट और मुसलमानों को शामिल करने पर उन्होंने जताई आपत्ति। उन्होंने कहा कि मुसलमान 10 प्रतिशत से भी कम हैं। हमें अपने मजहब पर चलने दिया जाए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों में अलग यूसीसी देश हित में नहीं है। केंद्र सरकार से सभी पक्षों और मुस्लिम संगठनों से राय लेने की मांग की है। किसी भी पार्टी में मुसलमान हो सकते हैं, वो UCC का समर्थन कर रहे हैं।