मनासा। क्षेत्र के ग्राम पंचायत मालाखेड़ा में निर्माणाधीन कुएं में कार्य के दौरान अचानक गीली मिट्टी धंस जाने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार रामप्रसाद ओकर पिता लालू बंजारा के कुएं के निर्माण कार्य में ठेकेदार व मजदूर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कुएं की गीली मिट्टी भरभराकर धंस गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।हादसे में कुएं का ठेकेदार रामप्रसाद पिता माधव ओढ़ (उम्र करीब 50 वर्ष), निवासी धामनिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए वही एक गंभीर घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया । घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मृतक के शव को कुएं से निकाल कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मनासा शासकीय अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।ग्रामीणों के अनुसार कुएं में मिट्टी अत्यधिक गीली होने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।