मनासा। मनासा जनपद की ग्राम पंचायत पावटी में मंगलवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। पंचायत द्वारा हाल ही में करीब 12 लाख रुपए की लागत से निर्मित डोम पेड़ गिरने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को मनासा विकासखंड के पावटी सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज हवा के साथ करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन तेज आंधी के चलते डोम के पास खड़ा पीपल का पेड़ उखड़कर नीम के पेड़ पर गिर गया। दोनों पेड़ों का भार अधिक होने से नीम का पेड़ भी टूटकर सीधे डोम पर आ गिरा, जिससे पूरी संरचना क्षतिग्रस्त हो गई।
ग्राम सरपंच गोपाल धनगर ने बताया कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए हाल ही में इस डोम का निर्माण कराया गया था। तेज आंधी और पेड़ गिरने से यह पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना की सूचना जनपद पंचायत के सीईओ सहित संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है, ताकि नुकसान का आकलन कर आगे की कार्रवाई की जा सके।