मंदसौर। मध्य प्रदेश शासन द्वारा मंदसौर जिले के ग्राम पानपुर-डीगांव में 21.76 हेक्टेयर भूमि पर 22.15 करोड़ रुपये की लागत से नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह निर्णय जिले के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस परियोजना से न केवल औद्योगिक निवेश को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार और क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि को भी मजबूती मिलेगी।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनय दुबेला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और उद्यमियों के हितों को केंद्र में रखकर विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतार रही है।
उन्होंने उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से मंदसौर जिले में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए कार्य इसका प्रमाण हैं।
परियोजना के तहत सीसी रोड, आरसीसी ड्रेनेज, विद्युतीकरण, ट्यूबवेल, जल प्रदाय व्यवस्था, वाटर टैंक, पाइपलाइन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं पौधरोपण जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इस औद्योगिक क्षेत्र के विकसित होने से हजारों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को बाहर पलायन नहीं करना पड़ेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
“उद्योग आएगा, रोजगार बढ़ेगा, मंदसौर आगे बढ़ेगा।”