रतलाम। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे खाद, बीज और बिजली जैसी ज्वलंत समस्याओं को लेकर भारत आदिवासी पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन शुरू किया। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार लगभग 800 से 1000 समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट जा रहे थे। प्रशासन ने उन्हें शहर के बाहर बंजली बायपास पर रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने और अधिकारियों को चकमा देकर समर्थकों के साथ पैदल ही शहर में घुस गए।
भारत आदिवासी पार्टी के बैनर तले आयोजित इस शक्ति प्रदर्शन में सैलाना विधानसभा क्षेत्र से 15 से 20 वाहनों में भरकर कार्यकर्ता पहुंचे थे। पुलिस ने जब उन्हें बंजली बायपास पर रोका, तो अधिकारियों और विधायक के बीच बातचीत शुरू हुई।
इसी दौरान विधायक डोडियार अपने समर्थकों के साथ अचानक पैदल ही सिटी के अंदर निकल गए। उन्हें रोकने के लिए अधिकारी पीछे-पीछे दौड़ते नजर आए, लेकिन विधायक और भारी संख्या में मौजूद उनके समर्थक नहीं रुके।
खाद-बीज खरीदी में लूट और वन विभाग पर प्रताड़ना का आरोप
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, ष्आदिवासी अंचल के किसान खाद और बीज की खरीदी के दौरान अधिकारियों की मिलीभगत के कारण लूट और ठगी का शिकार हो रहे हैं। वन विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा आदिवासी किसानों के साथ दमनात्मक और आतंकित करने वाला व्यवहार किया जा रहा है।
विधायक ने स्पष्ट किया कि जिम्मेदार अधिकारियों के इसी तानाशाही रवैये की वजह से पूरे ग्रामीण क्षेत्र में व्यापक असंतोष फैला हुआ है।
पेट्रोल-डीजल की किल्लत और बदहाल सड़कों से ग्रामीण परेशान
किसानों के मुद्दों के अलावा इस प्रदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है। विधायक ने बताया कि जिले के कई ग्रामीण इलाकों में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध नहीं होने से आमजन, किसान और वाहन चालक भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।
इसके अलावा गांवों की सड़कें भी पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। इन खराब सड़कों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इन समस्याओं के समाधान के प्रति बिल्कुल भी गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपने की तैयारी
दोपहर 2 बजे से शुरू हुए इस प्रदर्शन के तहत सभी कार्यकर्ता फिलहाल लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रख रहे हैं। भारत आदिवासी पार्टी के पदाधिकारी और विधायक जल्द ही अपनी इन सभी मांगों को लेकर जिला प्रशासन को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपेंगे।
बेरीकेड्स गिराया पुलिस से धक्कामुक्क्की कर आगे बढ़े
सभी आंदोलनकारी शहर में आ चुके हैं। शहर के अंबेडकर चौराहा पर रोकने की कोशिश गई लेकिन नहीं माने। बेरीकेड्स हटा कर सभी आगे बढ़ गए। पुलिस ने दौड़ लगाते हुए कोर्ट चौराहे पर रोकने की कोशिश की लेकिन वहां पर भी प्रदर्शनकारी नहीं माने और पुलिस से धक्का मुक्ति करते हुए बैरिकेट्स नीचे गिराते हुए आगे कलेक्टर ऑफिस के तरफ निकल गए।
पैदल मार्च करते हुए विधायक के साथ सभी लोग टकलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंच गए है। पुलिस ने कलेक्टर ऑफिस के बाहर बैरिकेट्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया। किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी है। विधायक के साथ सभी कलेक्टर ऑफिस के बाहर सड़क पर नीचे बैठ गए हैं।