बड़वानी। बड़वानी पुलिस ने आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। जिला साइबर सेल ने सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से करीब 20 लाख रुपये कीमत के 129 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के मार्गदर्शन में संचालित विशेष अभियान के तहत की गई। साइबर सेल टीम ने बड़वानी, खरगोन, धार, झाबुआ, आलीराजपुर और इंदौर सहित गुजरात एवं महाराष्ट्र से भी मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए।
मोबाइल वापस मिलने पर आवेदकों ने खुशी जाहिर करते हुए बड़वानी पुलिस और साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक रितेश खत्री सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है। तकनीक और मेहनत के दम पर बड़वानी पुलिस ने न केवल गुम मोबाइल फोन खोज निकाले, बल्कि आमजन का विश्वास भी और मजबूत किया है।