मनासा। विराट सनातन समाज में सद्भाव, एकता, समरसता एवं संस्कार जागरण के पावन उद्देश्य के साथ प्रारंभ हुआ सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ व सत्संग आज 92वें क्रम में भक्तिभाव और उत्साह के साथ श्रीरामानुज कोट मंदिर में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर भक्तों की भारी भीड़ उपस्थित रही।
इस सत्संग की शुरुआत भक्तों द्वारा श्रीहनुमान जी के विग्रह एवं चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन के साथ की गई। कार्यक्रम का संचालन अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के युवा संत श्रीचेतनराम जी (उदयपुर) के प्रस्ताव से प्रारंभ हुई परंपरा के अंतर्गत किया गया, जिसके तहत प्रति मंगलवार सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ की धारा निरंतर प्रवाहित हो रही है।
सत्संग में नगर के भजन गायक राजकुमार मारू ने “हम कथा सुनाते हैं राम सकल गुणगान की” प्रस्तुत कर राम कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। गोपाल राठौर ने “सीर पर धरी थी मटकी” भजन से बालकृष्ण की लीलाओं का वर्णन किया। वहीं अर्पित शर्मा ने “घुमादे मारा बालाजी घम्मर-घम्मर घोटो” से हनुमान भक्ति का वातावरण बनाया।
इसके अलावा नवीन श्रीवास्तव ने “गोकुल की हर गली में मथुरा की हर गली में” भजन प्रस्तुत कर श्रीकृष्ण लीला का भाव जगाया, जबकि विजय उपाध्याय ने “मेरा आपकी कृपा से हर काम हो रहा है” भजन के माध्यम से ईश्वर के प्रति आस्था व्यक्त की। ओम सोनी ने “श्रीराम जी की निकली सवारी” भजन से भक्ति और झांकी का सुंदर चित्रण किया।
कार्यक्रम के अंत में सनातन सत्संग मंडल द्वारा सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया गया तथा आगामी 30 जून मंगलवार को रात्रि 8रू30 बजे श्री शिवाजी चौराहा, धोबी गली कार्नर पर आयोजित सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार शामिल होने का आग्रह किया गया।