इंदौर। एग्री अंकुरण वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले कृषि विभाग के बैकलॉग पदों को भरे जाने की मांग को लेकर डी डी गार्डन से कलेक्ट्रेट तक छात्र रैली निकाल रहें हैं। बता दें हाल ही में 21 एवं 22 जुलाई को आयोजित कृषि विभाग की ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी की परीक्षा में बैकलॉग पदों को जोड़ने की मांग में यह रैली निकाली जा रही है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार द्वारा खुले मंच से 1 लाख पदों पर भर्ती करने का लगातार ऐलान किया जाता है लेकिन बैकलॉग पदों को लेकर खुले तौर पर धांधली की जा रही है। मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा सिर्फ युवाओं और जनता को ठगने के लिए है। यह आशीर्वाद यात्रा जब आदिवासी बेल्ट झाबुआ अलीराजपुर क्षेत्र में पहुंचेगी तो वहां पर आदिवासी युवाओं द्वारा खुलकर विरोध किया जाएगा।
वर्ष 2015 में व्यापम (च्म्ठ) द्वारा समूह -2 में कृषि संकाय के अंतर्गत ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं समकक्ष पदों हेतु संयुक्त भर्ती परीक्षा 2015 में अधिसूचना अंतर्गत ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी के कुल 227 पद बैकलॉग भर्ती हेतु स्वीकृत हुए थे। लेकिन भर्ती परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। वर्ष 2020 में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती परीक्षा 2020 में केवल 24 पद बैकलॉग भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की गई थी।
इनकी मांग है कि बैकलॉग पदों को 21 एवं 22 जुलाई को आयोजित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी परीक्षा में सम्मिलित करें। युवाओं द्वारा निकाली जा रही रैली जैसे ही पालसिकर चौराहे पर पहुंची वैसे ही पुलिस ने रोक दिया है। अर्धनग्न प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है। पुलिस का कहना है की अर्धनग्न प्रदर्शन न करें। पुलिस का कहना है कि अर्धनग्न प्रदर्शन करने कि परमिशन नहीं दी गई थी। पुलिस की समझाइश के बाद रैली में शामिल सभी युवाओं ने पुनः कपड़े पहन लिए हैं।
छात्रों का कहना है कि लगातार हम अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री से मिल रहे, लेकिन किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। प्रदर्शन में लगभग 300 स्टूडेंट्स शामिल हैं। जिन्हें बीच में पुलिस ने रोक दिया। हमें अर्धनग्न प्रदर्शन नहीं करने दिया गया लेकिन सरकार यहां पर हमारे कपड़े उतारने और हमारी नौकरियां छीनने में लगी हुई है। सरकार जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रही है लेकिन छात्रों की बात नहीं सुन रही।