उज्जैन। मंडी व्यापारियों की बेमियादी हड़ताल जारी है। बुधवार से धरना-प्रदर्शन सहित सभी दलों के अध्यक्ष को मंडी व्यापारियों की समस्या से अवगत कराया जाएगा। साथ ही किसान नेता किसानों के विभिन्न संगठन से हड़ताल में समर्थन देकर मांगें पूरा करवाने में सहयोग की अपेक्षा की है। अनाज-तिलहन व्यवसायी संघ के सचिव अनिल गर्ग राम जी वाला ने बताया मंगलवार को दोपहर में संघ कार्यालय की बैठक में विभिन्न निर्णय लिए गए।
संघ सदस्य अमर अग्रवाल ने बताया दो दिन से व्यापारिक गतिविधियां असामान्य हो गई। कोई किसी प्रकार के कारोबार संबंधी चर्चा नहीं हो पाई। देखा जाए तो यह हड़ताल उज्जैन के लिए लंबी खींचती जा रही है। महासंघ इस समय पक्ष के और विपक्ष के नेताओं से मिलकर अपनी मांग दोहरा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक अनाज तिलहन व्यवसायी संघ के नेतृत्व में मंडी गेट पर धरना प्रदर्शन के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष बहादुर सिंह बोरमुंडला, नगर अध्यक्ष विवेक जोशी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमल पटेल व शहर अध्यक्ष रवि भदौरिया को ज्ञापन देंगे।
उज्जैन के प्रमुख भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री से हेलीपेड पर व्यापारी हड़ताल की चर्चा की तो मुख्यमंत्री ने कहा यह क्यों हड़ताल पर बैठ गए। बताया यह समस्या 3 साल से चल रही है। देखा जाए तो व्यापारी समस्या को लेकर उदासीनता चल रही है। किसानों को अपनी उपज बेचना है। किसान हित में मंडी का चालू होना जरूरी है। लीज रेंट वाला मामला कैबिनेट में पास होने का है। अगर यह कैबिनेट में पास हो तो समस्या हल होगी। अभी इसे कानूनी रूप से जांचा जाने की खबर है।