शाजापुर। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने और नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शाजापुर पुलिस ने मंगलवार को बड़ा चौक से विशेष साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” का शुभारंभ किया। अभियान का उद्देश्य लोगों को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करना और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिलेभर में भ्रमण कर आमजन को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेगा। साथ ही बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बैनर एवं पोस्टर लगाकर भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिछले एक वर्ष में शाजापुर साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी से संबंधित 1 करोड़ 16 लाख 70 हजार रुपये की राशि होल्ड कराई है। इनमें से 45 लाख 70 हजार रुपये पीड़ितों के खातों में वापस कराए जा चुके हैं, जबकि लगभग 50 लाख रुपये की राशि लौटाने की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें तथा ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम कार्ड और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराए।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को साइबर सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। विशेषज्ञों ने डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देकर लोगों को साइबर अपराधियों के जाल से बचने के उपाय बताए।