खरगोन। जिले में पिछले 9 दिनों से पटवारी अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे हैं। इस हड़ताल के तहत बुधवार को पटवारियों ने रक्तदान किया। पटवारी संघ के पदाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आश्वासन के बाद भी पटवारियों की लंबित वेतनमान संबंधित मांग को अब तक पूर्ण नहीं किया है। इसी को लेकर पटवारी संघ द्वारा प्रदेश सहित जिले में अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा रही है।
पटवारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष सुनील पटेल ने बताया कि सरकार पटवारी की मांगों को नजर अंदाज कर रही है। कई बार आवेदन-निवेदन के बावजूद मांगों को पूरा नहीं किया गया। इसीलिए पटवारियों द्वारा हड़ताल की जा रही है। इसी हड़ताल के तहत बुधवार को रक्तदान कर पटवारियों ने विरोध-प्रदर्शन किया। जिले में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल बीते 28 अगस्त से जारी है। हड़ताल के कारण विभागों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। जिला मुख्यालय पर बुधवार को एमजी रोड स्थित तहसील कार्यालय में पटवारी इक्कठा हुए। पटवारियों ने कहा कि जब तक सरकार उनकी वेतन विसंगति दूर नहीं करती, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
पटवारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष पटेल ने बताया कि आगामी 9 सितंबर को जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सनावद में सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री चौहान से मिलने के लिए पटवारी संघ का प्रतिनिधिमंडल भी पहुंचेगा। पटवारियों की लंबित मांगों को लेकर प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा और जल्द लंबित मांगों को पूरा करने के लिए ज्ञापन भी सौंपेगा। पटवारियों ने कहा कि जब तक 2800 रुपए ग्रेड-पे वेतन नहीं किया जाएगा, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे।