इंदौर। राष्ट्रीय हिन्दी दिवस पर गुरुवार को श्रीमाधव विद्यापीठ में बाल काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में 13 विद्यालयों के 26 विद्यार्थियों ने भाग लेकर वीर, ओज, भक्ति और हास्य रंग की कविताओं का पाठ की प्रस्तुति दी। इस पर उपस्थित लोगों ने खूब तालियां बजाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। इसमें मुख्य अतिथि राष्ट्रकवि सत्यनारायण सत्तन थे। अध्यक्षता साहित्य मंच के अध्यक्ष मुकेश तिवारी ने की। विशेष अतिथि ईश्वर शर्मा थे। अतिथियों का स्वागत स्कूल समिति की ओर से डॉ जी.डी.अग्रवाल, रमेश गुप्ता, प्राचार्य डॉ. निशा भाटिया ने किया। इस मौके पर श्रीकृष्ण कुमार अष्ठाना, गोपाल माहेश्वरी, सुनील अग्रवाल, वरिष्ठ गीतकार अनिल ओझा सहित अनेक शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे।
इस मौके पर राष्ट्रीय कवि सत्तन ने अपने उदबोधन में कविता को जीवन चक्र से जोड़ते हुए कविता को जीवन बताया और आव्हान किया कि विद्यार्थी कविता में विभिन्न भावों और स्वरों के साथ राष्ट्र भक्ति के स्वर को प्रमुखता से बुलंद करें। इस अवसर पर मुकेश तिवारी ने कहा कि भाषा और वेशभूषा हमेशा हमारी अपनी होनी चाहिए और इसे लेकर गर्व का भाव हमारे भीतर रहना चाहिए।
प्रतियोगिता में निर्णायक युवा कवि एकाग्र शर्मा और एवज भंडारे थे। प्रतियोगिता में प्रथम-उमिया पाटीदार विद्यालय-राऊ , द्वितीय-सराफा विद्या निकेतन और तृतीय-चमेली देवी विद्यालय रहे। साथ ही प्रोत्साहन पुरस्कार केंद्रीय विद्यालय और गोल्डन इंटरनेशनल विद्यालय को दिया गया।