नीमच। देश के विभिन्न स्थानों पर कोचिंग सेंटर व बहु मंजिली इमारत में हुई आगजनी की घटनाओं को देखते हुए नीमच जिला प्रशासन भी कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में बुधवार को मुस्तेद दिखाई दिया। बुधवार 24 जून को एसडीएम पराग जैन ने यातायात थाना प्रभारी सोनू बडगूजर व नगर पालिका नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के साथ जामा मस्जिद के सामने जारौली टावर में संचालित कोचिंग सेंटर तथा बहु मंजिला पटेल प्लाजा का निरीक्षण कर अग्निशमन यंत्र स्थापित करने तथा प्रवेश व निकासी की व्यवस्था अलग-अलग करने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक अमले के साथ एसडीएम जैन जामा मस्जिद के सामने स्तिथ जारोली टावर पहुंचे और वहां निरीक्षण के दौरान बेसमेंट में पार्किंग व्यवस्था करने तथा ऊपर चल रहे कोचिंग सेंटर पर अग्निशमन यंत्र स्थापित करने के साथ ही प्रवेश व निकासी द्वार अलग-अलग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमला पटेल प्लाजा पहुंचा और निरीक्षण करते हुए वहां नए गेम जोन में अग्निशमन यंत्र स्थापित करने तथा प्रवेश व निकासी की व्यवस्था अलग-अलग करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार संजय मालवीय,नगर पालिका राजस्व विभाग के टेकचंद बुनकर, महावीर जैन, हेमंत सिसोदिया आदि भी साथ थे।