चित्तौड़गढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया के नेतृत्व में बुधवार को श्छात्रों की गूंज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डिस्प्ले प्रोजेक्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को अभियान की जानकारी दी गई तथा शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला महामंत्री अहसान पठान ने कहा कि देश वर्तमान में शिक्षा और रोजगार के गंभीर संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं, परीक्षाओं का निरस्त होना, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों से छात्रों में निराशा, तनाव और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
कार्यक्रम में बताया गया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली की चुनौतियों को जनता के सामने लाने के उद्देश्य से यह अभियान चला रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विचार सुने। इस दौरान छात्रों ने अपनी समस्याएं साझा करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों की मेहनत लगती है, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। विद्यार्थियों ने दोबारा परीक्षा की तैयारी, आवास और अन्य खर्चों का बोझ भी परिवारों पर पड़ने की बात कही।
कार्यक्रम में पीसीसी सचिव डॉ. ललित बोरीवाल, वरिष्ठ नेता करण सिंह सांखला, दिनेश चास्ता, युवा नेता सागर चौधरी, शिल्पन साहू, अनिल सेठी, चक्षु शर्मा, शिव माली, गोटू अली, छात्र प्रतिनिधि राजा शेख सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।