शाजापुर। खरीफ 2026 सीजन को ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग द्वारा विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत किसानों को उन्नत एवं प्रमाणित बीजों का वितरण किया जा रहा है। उपसंचालक कृषि श्री आर.एल. जामरे ने बताया कि जिले में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से किसानों तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नेशनल मिशन ऑन इडिबल ऑयल (एनएमईओ) तिलहन योजना के अंतर्गत सोयाबीन के प्रमाणित बीज वितरित किए जा रहे हैं। वहीं मध्यप्रदेश राज्य मिलेट मिशन योजना के तहत ज्वार के प्रमाणित बीज किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इसके अलावा दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन योजना के अंतर्गत अरहर, मूंग एवं उड़द के प्रमाणित बीजों का वितरण भी किया जा रहा है। कृषि विभाग का उद्देश्य किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराकर उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि करना है।
विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर प्रमाणित बीजों का उपयोग करें, जिससे बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सके।