शाजापुर। गरीब, असहाय एवं दिव्यांगजनों को भोजन उपलब्ध कराने वाले ‘सांझ की रोटी’ सेवा अभियान के 15 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शाजापुर सांझ की रोटी ग्रुप द्वारा सम्मान समारोह एवं सहभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नरसिंहगढ़ और शाजापुर से जुड़े सदस्यों का सम्मान किया गया।
आयोजक एवं संचालक अभिभाषक एजाजुद्दीन मेव ने बताया कि यह सेवा अभियान पिछले 15 वर्षों से नरसिंहगढ़ में सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। वहीं पिछले दो वर्षों से शाजापुर शहर में भी ग्रुप के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरण का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ग्रुप के 55 सदस्य प्रतिमाह 300 रुपये या उससे अधिक का सहयोग प्रदान करते हैं, जिसके माध्यम से जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाया जाता है। सेवा के इस सफर के 15 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष सम्मान समारोह आयोजित कर सदस्यों के योगदान को सराहा गया।
कार्यक्रम में ग्रुप के संयोजक एवं नरसिंहगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष लोकेन्द्र वर्मा, सीहोर के सीईओ मनोज शर्मा, शिक्षिका ज्योति शर्मा तथा टेंट व्यवसायी साहू जी का अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर अभिभाषक कमल पाटीदार, इरशाद खान, तंजीम लोधी, इकरामुद्दीन गोरी, पुलिस विभाग से चंद्रपाल जाट, दीपक रामटेके, तंजीम सिद्दीकी, भगीरथ सोलंकी, अशफाक गुड्डू एवं किशोर पाटीदार सहित अन्य वक्ताओं ने सेवा कार्यों की सराहना करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन अभिभाषक सईद पठान ने किया तथा आभार प्रदर्शन अधिवक्ता देवेंद्र वर्मा ने व्यक्त किया।