चित्तौड़गढ़। जनचेतना मंच की विशेष टीम बैठक मंच संरक्षक डॉ. आई.एम. सेठिया के मुख्य आतिथ्य, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष ऋषभ लाल सुराणा की अध्यक्षता तथा प्रांतीय महामंत्री श्रीकांत शर्मा, तहसील अध्यक्ष सत्यनारायण सिकलीगर एवं नगर अध्यक्ष राधेश्याम लड्डा के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती के लिए प्रति माह नियमित बैठक आयोजित कर समसामयिक विषयों पर चर्चा करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में शहर के विकास और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर व्यापक चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि बिरला अस्पताल की स्थापना महत्वपूर्ण योगदान है, लेकिन बढ़ती आबादी के अनुरूप चिकित्सा सेवाओं में और विस्तार की आवश्यकता है। इस संबंध में बिरला सीमेंट, हिंदुस्तान जिंक सहित बड़े औद्योगिक समूहों तथा सांवलियाजी मंदिर मंडल से जिले में उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु विशेष प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव भी सामने आए। इनमें ओवरब्रिज का विस्तार कर प्रताप सेतु मार्ग एवं कुम्भा नगर क्षेत्र से जोड़ना, शास्त्रीनगर मुख्य मार्ग को धनेत मार्ग से जोड़ना, जिला चिकित्सालय की सेवाओं में सुधार, सहकार चौराहे पर यातायात नियंत्रण के लिए ट्रैफिक सिग्नल लगाना, अतिक्रमण की पुनरावृत्ति रोकना तथा ठेला व्यवसायियों के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध कराना शामिल रहा।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन से पाड़नपोल तक पर्यटन नगरी के अनुरूप सड़क विकास, नगर परिषद द्वारा सफाई व्यवस्था एवं जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण, पर्यटन केंद्र की स्थापना, मुख्य रेलवे स्टेशन और चंदेरिया रेलवे स्टेशन के विकास तथा नए रेल मार्गों के संचालन के लिए जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में विधानसभा में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना, पैनोरमा विकास सहित पूर्व में भेजे गए प्रस्तावों पर भी प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कवि अब्दुल जब्बार, दिनेश खंडेलवाल, शिक्षाविद् मोहन भट्ट, राधेश्याम आमेरिया, जयप्रकाश भटनागर, डॉ. वंदना वजीरानी, इंजीनियर श्याम जोशी, प्रकाश शर्मा, सत्यनारायण चेचानी, राजेश शर्मा, सीताराम जाट, मधु नुवाल, अभिषेक टेलर, मथुरालाल नंदवाना, रतनलाल बोहरा, शंभूसिंह शक्तावत, संतराम यादव, सुखराम मीणा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में मेवाड़ गौरव एवं गुजरात के पूर्व राज्यपाल रहे प्रखर चिंतक स्वर्गीय सुंदरसिंह भंडारी की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय महामंत्री श्रीकांत शर्मा ने किया तथा आभार सत्यनारायण सिकलीगर ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष हेमंत शर्मा एवं प्रांतीय महामंत्री श्रीकांत शर्मा की अनुशंसा पर मंच संरक्षक डॉ. आई.एम. सेठिया ने सत्यनारायण सिकलीगर को जनचेतना मंच राजस्थान की चित्तौड़गढ़ जिला इकाई का अध्यक्ष तथा शिक्षाविद् सत्यनारायण शर्मा को नगर अध्यक्ष मनोनीत करने की घोषणा की। नवमनोनीत पदाधिकारियों ने शीघ्र ही कार्यकारिणी गठन तथा युवा एवं महिला शाखा को सक्रिय करने की घोषणा की।