मनासा। नगर परिषद मनासा का साधारण सम्मेलन 24 जून 2026 को नगर परिषद कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. सीमा अजय तिवारी ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष किशोर जोलान्या, समस्त पार्षदगण एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में नगर विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। देवनारायण टंकी क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं उसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने, नगर के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण, नगर परिषद के लिए नई जेसीबी मशीन क्रय करने तथा विभिन्न निर्माण कार्यों एवं योजनाओं सहित कुल 20 प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक में परिषद कार्यालय भवन से संबंधित सड़क एवं अन्य सिविल कार्यों, प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने तथा निर्माण सामग्री के टेंडर पुनः आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा आरएलबी चौराहे पर नव निर्मित कॉम्प्लेक्स की दुकान क्रमांक 07 एवं 08 को अलग-अलग कर विक्रय किए जाने पर सहमति प्रदान की गई।
परिषद ने सभी दुकानों का किराया निर्धारण करने के साथ ही नामांतरण प्रकरणों को विकास शुल्क जमा होने के बाद आगामी बैठक में प्रस्तुत करने की स्वीकृति भी दी।
बैठक के अंत में नगर परिषद में पदस्थ उपयंत्री रविश कादरी के स्थानांतरण पर उनका सम्मानपूर्वक विदाई समारोह आयोजित किया गया। परिषद की बैठक सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।