नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के केंद्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय (सीटीसी) नीमच में प्रमोशनल कोर्स के लिए आए एक जवान की गुरुवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 43 वर्षीय श्याम बिहारी पिता परशुराम पांडे, निवासी जिला गोंडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्याम बिहारी 22 जून को सीआरपीएफ सीटीसी नीमच में हवलदार से सहायक उप निरीक्षक (जीडी) पद पर पदोन्नति के लिए आयोजित प्रमोशनल कोर्स में शामिल होने पहुंचे थे।
गुरुवार सुबह करीब 7ः30 बजे वे ग्राउंड से अपने कमरे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वे जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद साथी जवानों ने उन्हें तत्काल सीआरपीएफ अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
सीआरपीएफ जवान की अचानक हुई मृत्यु से प्रशिक्षण केंद्र और उनके साथी जवानों में शोक की लहर है।