ग्वालियर। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति ग्वालियर अल्प प्रवास पर पहुंचे। उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री पर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे जमीन खरीदी के आरोपों पर तीखा पलटवार किया है। इसके साथ ही उन्होंने लखनऊ कोचिंग हादसे के बाद देशभर में फायर सेफ्टी को मजबूत करने से जुड़े प्रयासों की बात कही।
कोचिंग घटना पर बोले
मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने लखनऊ स्थित कोचिंग में हुई दर्दनाक घटना को लेकर कहा कि यह घटना हृदय विदारक है हमारे नौजवान बच्चों के साथ दर्दनाक घटना हुई है। घटना के दिन कई फुटेज आ रहे थे उसे देखकर दिल फट रहा था कैसे परिवार के लोग संतुष्ट हो रहे होंगे। कैसी सांत्वना उनको मिल पा रही होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसे गंभीरता से ले रहे हैं, कोचिंग चलाने वालों को यह व्यवस्था कैपेसिटी के आधार पर रखनी चाहिए। दरवाजे भी प्रॉपर आने-जाने के होने चाहिए। वह इस मामले पर अब कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेंगे। अब सख्ती से इस पर काम किया जाएगा, यह घटना नहीं सबक है, ऐसे में पूरे देश में इस तरह के कोचिंग सेंटर चलाने वालो के यहां फायर सेफ्टी व्यवस्था होनी ही चाहिए।ताकि कोई आगजनी हो तो तत्काल एक्शन लिया जा सके।
आगामी चुनाव में पूरे बहुमत की सरकार बनाएंगे
अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हमें कोई शंका नहीं है, हम पूरे बहुमत की सरकार बनाएंगे,क्योंकि भारतीय जनता पार्टी का संगठन और सरकार चुनाव का इंतजार करते नहीं है,हम एक चुनाव के बाद दूसरे चुनाव की तैयारी में लग जाते हैं 12 महीने तीसों दिन हमारा संगठन और सरकार जनता के बीच रहते हैं,प्रदेश सरकार के मंत्री और केंद्र सरकार की योजनाओं के साथ हम धरातल पर लोगों के साथ होते हैं। उत्तर प्रदेश में जो विपक्ष है वह चुनाव का इंतजार करता है चुनाव के वक्त सक्रिय होते हैं इसलिए उन्हें जनता का आशीर्वाद नहीं मिल पाता है और हम सक्रिय रहते हैं इसलिए हमें जनता का आशीर्वाद मिल जाता है।
जब कॉरिडोर बन जाता है तो लोगों को बहुत अच्छा लगेगा
मंत्री प्रजापति ने राम जन्म भूमि के बाद अब कृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विवाद और कोर्ट में चल रही सुनवाई को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वहां पर कई बार बैठकें ले चुके हैं। वहां भी प्रक्रिया चल रही है, जो न्यायालय का पक्ष होता है और जो निर्देश होता है उसका हम पालन करते हैं। सरकार की जो भूमिका होती है वह अपना काम करती है। वहीं कॉरिडोर को लेकर के बातचीत संतों से चल रही है दुकानदारों से चल रही है। मुख्यमंत्री की बैठक कर चुके हैं कॉरिडोर बन भी जाना चाहिए। क्योंकि बहुत ज्यादा भीड़ रहती है एक बार हादसा भी हो चुका है लोगों को परेशानी होती है जब कॉरिडोर बन जाता है तो लोगों को बहुत अच्छा लगेगा
UCC को समझना बहुत जरूरी
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा UCC को लेकर बढ़ाये जा रहे कदमों और उत्तर प्रदेश सरकार की UCC को लेकर मंशा पर कहा कि लोगों को यदि समझ में आती है लोग समझते हैं तो उसमें सहमत होते हैं। UCC को समझना बहुत जरूरी है, जनता को जब समझ में आता है तो वह सहयोग करती है। मोदी जी जब 2014 में प्रधानमंत्री बने तब उन्होंने कई योजनाओं को लेकर जनता से संवाद किया और जनता ने उनका साथ दिया। विपक्ष द्वारा UCC को लेकर किया जा रहे हैं विरोध को लेकर उन्होंने कहा कि पहले विपक्ष इसे समझे फिर प्रतिक्रिया दे।
कांग्रेस सत्ता के लिए बेचैन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पर विपक्ष द्वारा जमीन खरीदी से जुड़े लगाए जा रहे आरोपों पर उन्होंने विपक्ष को आइना दिखाया है और कहा है कि मुख्यमंत्री जमीन का काम तो पहले से ही करते थे, लेकिन कांग्रेस अब छटपटा रही है। जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं,कांग्रेस को कहीं सत्ता मिल नहीं रही है, तो कांग्रेस सत्ता के लिए बेचैन है इसलिए ऐसे आरोप लगा रही है।